नैनीताल का मौसम बेहद ठंडा, निकल आए स्वेटर-जैकेट और रजाई, सर्दी से ठिठुर रहे लोग, देखें VIDEO
Nainital Cold Weather Video: उत्तराखंड की खूबसूरत सरोवर नगरी नैनीताल में इस बार अप्रैल का मौसम लोगों को चौंका रहा है. आमतौर पर इस महीने में जहां हल्की गर्मी और सुहावनी धूप देखने को मिलती है, वहीं इस साल मौसम ने अचानक करवट लेकर सर्दियों की याद ताजा कर दी है. ठंडी हवाओं, रुक-रुक कर हो रही बूंदाबादी और घने बादलों ने पूरे शहर को एक बार फिर ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है. बीते कुछ दिनों से नैनीताल में मौसम लगातार बदल रहा है. पिछले कुछ दिनों में सुबह से ही हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो रहा है, जो दिनभर रुक-रुक कर जारी रह रहा है. आज भी आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण धूप का दीदार तक नहीं हो सका. इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. शहर का न्यूनतम तापमान जहां करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं अधिकतम तापमान भी महज 13 डिग्री के आसपास रहा. अप्रैल के महीने में इतना कम तापमान लोगों के लिए हैरानी का कारण बन गया है. मौसम में आई इस ठंडक का असर साफ तौर पर लोगों की दिनचर्या पर दिखाई दे रहा है. सुबह और शाम की ठिठुरन ने स्थानीय निवासियों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है. कई लोग जो कुछ दिन पहले तक हल्के कपड़ों में नजर आ रहे थे, अब स्वेटर और जैकेट में दिखाई दे रहे हैं. नैनीताल में खासकर सुबह के समय ठंडी हवाएं और आसपास की पहाड़ियों की चोटी में छाया कोहरा सर्दियों जैसा एहसास करा रहा है. हालांकि, इस बदले हुए मौसम ने पर्यटकों के लिए एक खास और अलग अनुभव भी तैयार कर दिया है, नैनीताल घूमने पहुंचे सैलानी इस ठंडे और रोमांटिक मौसम का भरपूर आनंद लेते नजर आ रहे हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0